सच कहेंगे, मगर सलीके से

सच कहेंगे, मगर सलीके से



लिखने के भी तरीके होते हैं और अपनी बात कहने के सलीके भी। वक्त के साथ कुछ नए सलीके भी हमारे संस्कारों में जुड़ने चाहिए। मोबाइल को ही लीजिए। आपने किसी को फोन किया, उन्होंने नहीं उठाया, तो ज़रा ठहरिए। उन्हें पलटकर फोन करने का वक्त दीजिए। और अगर फोन आप नहीं उठा पाए हैं, तो फुरसत मिलते ही आप भी पलटकर फोन कर लीजिए। छोटी-सी बात है, दोनों तरफ से निभ जाए तो कितनी अच्छी बात है।
अब आप कहेंगे, इसमें लिखने जैसी क्या बात थी? ठीक कहते हैं। वैसे ज़रूरत तो इसकी भी नहीं थी कि मैं यहाँ कुछ लिखूँ। मगर लिखे बिना रहा भी नहीं जाता। छब्बीस साल की पत्रकारिता का कीड़ा भीतर कुलबुलाता है। कहता है, “कुछ लिखो भाई, तुम्हें लिखना चाहिए।”
अब सवाल है, लिखें क्या? फोन के सलीके पर तो लिख दिया। असली मुश्किल तब आती है जब कलम उठाकर ईमान की बात कहनी हो।
आदत हमेशा सच लिखने की रही है। सो लिख तो दें, मगर सच आजकल बर्दाश्त कहाँ होता है! फिर मुंशी प्रेमचंद की कहानी ‘पंच परमेश्वर’ की बूढ़ी खाला याद आती हैं। अलगू चौधरी से पूछती हैं, “बेटा, क्या बिगाड़ के डर से ईमान की बात न कहोगे?”
कहेंगे। ज़रूर कहेंगे। मगर सलीके से। ज़रा चारों तरफ देख लें, फिर कहेंगे। सोशल मीडिया का ज़माना है, भाई। आपने अपनी बात कहने में चार पैराग्राफ लगाए और किसी ने बीच की आधी लाइन काटकर चला दी। अब आप समझाते रहिए कि हुज़ूर, वह वाक्य तो पूरा पढ़ लेते!
सो आजकल समझदारी शायद इसी में है कि सत्य का ढिंढोरा पीटते रहिए और जब सब कुछ ठीकठाक लगे, तब एकाध बात सच भी कह दीजिए। धीरे से आईना दिखाइए और फिर हटा लीजिए। कोई पूछे, “क्या दिखा रहे थे?” तब तक आईना जेब में हो।
गज़ब की बात है। हवा दूषित है और हम सुबह उसी में शुद्ध हवा लेने टहलने निकल पड़ते हैं। कोई रास्ते में टोक दे कि भाई, आज हवा कुछ खराब है, तो मुमकिन है हम उसी से कह बैठें, “सुबह-सुबह कोई अच्छी बात नहीं कर सकते?”
खैर, छोड़िए। हम तो कुछ भी लिख देते हैं। पत्रकारिता का कीड़ा है और सच कहने की खुजाल भी। अब इस उम्र में अपनी इस पुरानी आदत को अवगुण ही मान लें, तब भी कल सुबह भीतर से आवाज़ तो वही आएगी, “कुछ लिखो भाई।”
बात आगे भी जारी रहेगी।
— राजेश व्यास




