शिप्रा ब्रिज पर कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध, अवैध कट और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश; शहर में यातायात बाधित कर रहे बिजली के पोल एक सप्ताह में हटेंगे

देवास। शहर और जिले की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़े करने, निर्धारित स्थान के बजाय बीच सड़क पर सवारी उतारने-चढ़ाने, रॉन्ग साइड चलने और सिग्नल तोड़ने वालों पर कार्रवाई के साथ अब लाइसेंस निलंबन और परमिट निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी। शिप्रा ब्रिज पर व्यवसायिक गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण और उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कार्यालय में बुधवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद की मौजूदगी में जिले की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, एससी-एसटी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, गबन-धोखाधड़ी और अवैध खनन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
शिप्रा ब्रिज पर दुकानदारी पर रोक
बैठक में शिप्रा ब्रिज पर संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ब्रिज पर किसी भी प्रकार का व्यवसाय नहीं होने दिया जाए। प्रतिबंध के बावजूद दुकान या अन्य व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने वालों पर अर्थदंड सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर ब्रिज को व्यावसायिक गतिविधियों से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
बीच सड़क सवारी रोकी तो लाइसेंस-परमिट पर कार्रवाई
देवास शहर में बस, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और मैजिक वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग एवं संचालन को लेकर भी सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने आरटीओ को निर्देश दिए कि वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही रुकें। बीच सड़क वाहन रोककर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन और परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए।
ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय कर सभी वाहनों को उसी के अनुसार संचालित कराने तथा नियमों की जानकारी देने वाला सर्कुलर वाहनों पर चस्पा कराने के निर्देश भी दिए गए।
एक सप्ताह में हटेंगे यातायात में बाधक बिजली के पोल
शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को लेकर कलेक्टर ने एमपीईबी को एक सप्ताह की समय-सीमा दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। निर्धारित अवधि में पोल नहीं हटाए गए तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
रॉन्ग साइड, सिग्नल तोड़ने और शराब पीकर ड्राइविंग पर शिकंजा
ट्रैफिक पुलिस को सिग्नल तोड़ने और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ई-रिक्शा, ऑटो और मैजिक वाहनों की नंबरिंग करने के साथ मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई होगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पूरे जिले में चालानी कार्रवाई कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर चलेगा अभियान
एबी रोड तथा इंदौर रोड ब्रिज के नीचे से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ क्रेन से कार्रवाई होगी। साथ ही शहर के सभी ट्रैफिक सिग्नल शीघ्र शुरू कराने के निर्देश नगर निगम को दिए गए।
अवैध कट बंद होंगे, ढाबा संचालकों को नोटिस
एबी रोड पर आदियोगी हॉस्पिटल के सामने जाली तोड़कर बनाए गए अवैध कट को बंद करने के निर्देश दिए गए। जाली तोड़कर कट बनाने वालों पर कार्रवाई के साथ आटा मिल और आदियोगी हॉस्पिटल संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में ढाबों के सामने बनाए गए अवैध कट पॉइंट को लेकर भी संबंधित ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
बकरा हाट और रेती मंडी के लिए अलग जगह होगी तय
नौसराबाद बायपास चौराहे पर बकरा हाट लगाने पर रोक लगाते हुए प्रशासन को इसके लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य मार्गों पर रेती मंडी लगाने और रेत से भरे ट्रैक्टर खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शहर के अंदर पटाखा दुकानें नहीं
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित स्थान शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शहर के अंदर पटाखा दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और इनका संचालन केवल निर्धारित स्थान पर ही होगा।
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश
कन्नौद में दशहरा मैदान के सामने क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों की शीघ्र मरम्मत तथा गंधर्वपुरी बस स्टैंड के समीप सड़क पर उचित पेचवर्क कराने के निर्देश दिए गए। देवास शहर के एबी रोड से निराश्रित पशुओं को हटाने के लिए भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हिट एंड रन योजना में देवास प्रदेश में प्रथम
बैठक के दौरान हिट एंड रन योजना के तहत 10 परिवारों को कुल 8 लाख रुपए के सांकेतिक चेक वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि योजना के संचालन में देवास जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिले में हिट एंड रन के कुल 186 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 111 प्रकरण स्वीकृत हो चुके हैं। सामान्य बीमा परिषद, मुंबई द्वारा अब तक 78 प्रकरणों में 70.50 लाख रुपए की राशि जारी की जा चुकी है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित जिला अधिकारी, पुलिस अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



