
लोकसभा चुनाव 2024।
निर्वाचन आयोग की ओर से आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है। भाजपा, कांग्रेस समेत तमाम राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने इस चुनाव के लिए कमर कस के अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आम आदमी पार्टी समेत कई दलों ने तो अपने उम्मीदवारों का भी ऐलान कर दिया है। ऐसे में बड़ी खबर आई है कि भारतीय जनता पार्टी भी जल्द ही लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। आइए जानते हैं कि क्या है इस मामले में पूरा अपडेट।
कल होगी BJP की बैठक
जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी भी जल्द ही अपने लोकसभा उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। खबर आई है कि कल गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी की मौजूदगी में ये बैठक शाम 7 बजे के लगभग शुरू होगी। इस बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई जा सकती है।
यूपी-बिहार और हिमाचल में भाजपा को बढ़त
लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले यूपी-बिहार और हिमाचल को लेकर INDIA TV CNX की ओर से किया गया ओपिनियन पोल भी सामने आ गया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा+ को 80 में से 78 लोकसभा सीटें मिलने का अनुमान है। ओपिनियन पोल में बिहार में भाजपा+ को 40 में से 35 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में किए गए ओपिनियन पोल में भाजपा को सभी 4 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है।







