Oct 08, 2024
3:47 PM (IST)
कांग्रेस लगातार झूठ फैलाने का काम कर रही थी: खट्टर
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘कांग्रेस लगातार झूठ फैलाने का काम कर रही थी लेकिन जनता ने उनकी बात को नकारा। सरकार की जो काम करने की नीतियां हैं, जो उपलब्धियां हैं उसे जनता ने स्वीकार किया। यह अपने-आप में एक रिकॉर्ड बना है क्योंकि हरियाणा में किसी पार्टी की तीसरी बार सरकार नहीं बनी थी। भाजपा ने हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाई है।’
Oct 08, 2024
3:43 PM (IST)
नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में किया कार्यकर्ताओं का स्वागत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का स्वागत किया। चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक बीजेपी 50 सीटों पर आगे है, कांग्रेस 35 सीटों पर है।
Oct 08, 2024
3:23 PM (IST)
हमारी लड़ाई मुख्य तौर पर कांग्रेस पार्टी के साथ थी: जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘भाजपा के कार्यकर्ताओं और हमारे मतदाताओं को बधाई। भाजपा का ये अब तक की सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। ये चुनाव हमने मात्र और मात्र विकास के मुद्दे को लेकर लड़ा था। दूसरी ओर INDIA गठबंधन की ओर से उसमें ध्रुवीकरण की भी बात हुई। कांग्रेस के लिए एक ही निष्कर्ष निकलेगा कि जिस प्रकार से उनकी सफाई हरियाणा में हुई थी वैसी ही सफाई उनकी यहां भी हुई है। हमारी लड़ाई मुख्य तौर पर कांग्रेस पार्टी के साथ थी और जिस तरह का ट्रेंड पूरे देश में देखने को मिल रहा है(कांग्रेस के प्रति) उसी तरह का जम्मू-कश्मीर में भी देखने को मिला।’
Oct 08, 2024
3:14 PM (IST)
हरियाणा में चौटाला परिवार को बड़ा झटका
चौटाला परिवार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। चौटाला परिवार से जुड़े कई लोग चुनाव हार गए हैं। अभय चौटाला, दुष्यंत चौटाला, सुनैना चौटाला, रंजीत चौटाला, दिग्वजीय चौटाला हार गए। अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला रानिया विधानसभा से चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। आदित्य चौटाला अभी आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
2:55 PM (IST)
भूपेंद्र हुड्डा ने किया जीत का दावा
रोहतक: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “कांग्रेस को बहुमत मिल रहा है। हमने कई सीटें जीती हैं लेकिन उन्हें अपडेट नहीं किया गया है। हम कई सीटों पर आगे चल रहे हैं लेकिन इसे अपडेट नहीं किया जा रहा है। कई जगहों पर मतगणना रोक दी गई है। मैं अपने साथियों से अनुरोध करता हूं कि वे डटे रहें, हमें बहुमत मिल रहा है।”
Oct 08, 2024
2:53 PM (IST)
उमर अब्दुल्ला ने बडगाम की जनता का शुक्रिया अदा किया
बडगाम: जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और गांदरबल और बडगाम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने कहा, “…मैं बडगाम के मतदाताओं का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे अपने कीमती वोटों से नवाजा, मुझे यहां से कामयाब बनाकर भेजा… JKNC को पिछले 5 साल से खत्म करने की पूरी कोशिश की गई थी। यहां बहुत से ऐसे तंजीमें खड़ी गई जिनका मकसद था नेशनल कॉन्फ्रेंस को खत्म करना… जो हमें खत्म करने के लिए आए थे मैदान में उनका खुद ही कोई नामों-निशान नहीं रहा। हमारी जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। हमारा फर्ज बनता है कि हम अपने आप को इन वोटों के लायक साबित करें…”
Oct 08, 2024
2:53 PM (IST)
गढ़ी सांपला किलोई से भूपेंद्र हुड्डा जीते
हरियाणा विधानसभा की गढ़ी सांपला किलोई सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा 70626 वोटों से जीत गए हैं। वहीं डबवाली से इनेलो प्रत्याशी आदित्य चौटाला ने 430 वोटों से जीत हासिल की है।
Oct 08, 2024
2:24 PM (IST)
‘प्रधानमंत्री मोदी सब पर भारी’, गरजे गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के रुझानों पर कहा, “एक प्रधानमंत्री मोदी सब पर भारी… हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा जताया। उन्होंने राहुल गांधी के जुमलों पर भरोसा नहीं किया… हरियाणा में कहीं भी जुमले नहीं चले, हरियाणा की जनता ने उन्हें आईना दिखा दिया।”
Oct 08, 2024
2:04 PM (IST)
उमर अब्दुल्ला बनेंगे जम्मू कश्मीर के सीएम-फारूक अब्दुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “10 साल बाद लोगों ने हमें अपना जनादेश दिया है। हम अल्लाह से प्रार्थना करते हैं कि हम उनकी उम्मीदों पर खरे उतरें…यहां ‘पुलिस राज’ नहीं बल्कि ‘लोगों का राज’ होगा। हम जेल में बंद निर्दोष लोगों को बाहर निकालने की कोशिश करेंगे। मीडिया को आजादी मिलेगी। हमें हिंदुओं और मुसलमानों के बीच विश्वास पैदा करना होगा। मुझे उम्मीद है कि इंडिया गठबंधन सहयोगी यहां राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए हमारे साथ लड़ेंगे…मुझे लगता है कि उमर अब्दुल्ला सीएम बनेंगे।” हरियाणा में कांग्रेस के प्रदर्शन पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “मुझे दुख है कि वे (कांग्रेस) जीत नहीं पाए (हरियाणा में)…मुझे लगता है कि यह उनके अंदरुनी विवादों के चलते हुआ।”
Oct 08, 2024
1:59 PM (IST)
विनेश फोगाट ने जुलाना सीट जीती
हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट ने जीत हासिल की।
Oct 08, 2024
1:54 PM (IST)
हम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे: तनवीर सादिक
श्रीनगर: ज़दीबल विधानसभा क्षेत्र से नेशनल कॉन्फ्रेंस के विजयी उम्मीदवार तनवीर सादिक ने अपनी जीत पर कहा, “मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों का आभारी हूं… मुझे यह जनादेश देने और मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। नेशनल कॉन्फ्रेंस को जिस तरह से जनादेश मिला है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। हम श्रीनगर, कश्मीर के लोगों के आभारी हैं… हम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।”
Oct 08, 2024
1:52 PM (IST)
जनता काम करने वालों के साथ चलने के लिए तैयार-मनोज तिवारी
दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “…मैंने सबसे कहा कि ग्राउंड की सच्चाई कुछ अलग है। जो लोग टी.वी चैनलों या लिविंग रूम में बैठकर बातें कर रहे हैं उनकी बातों से जमीनी हकीकत मेल नहीं खाती है… हरियाणा के अन्य क्षेत्रों में मैंने ऐसा सैलाब देखा कि अन्य लोगों की बातों से मैं कंफ्यूज्ड हो जाता था… अभी रुझान आ रहा है, मैं अभी तो कुछ नहीं कहना चाहता हूं… लेकिन हमें ऐसे नतीजे की रुपरेखा पहले से ही दिखाई दे रही थी। अब यह स्पष्ट हो गया है कि जनता काम करने वालों, सच्चाई के साथ चलने वालों के साथ चलने के लिए तैयार है…”
Oct 08, 2024
1:49 PM (IST)
बडगाम सीट से जीते उमर अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने बडगाम सीट से जीत हासिल की वहीं गंदेरबल सीट पर भी वे बढ़त बनाए हुए हैं।
Oct 08, 2024
1:47 PM (IST)
अंबाला में बीजेपी कार्यकर्ताओं का जश्न
अंबाला में बीजेपी कार्यकर्ता जीत की खुशी में जश्न मना रहे हैं। बीजेपी विधानसभा की 90 में से 51 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
Oct 08, 2024
1:44 PM (IST)
जींद और पानीपत शहरी सीट से बीजेपी जीती
जींद से भाजपा के डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा जीते। उन्हें कुल 68920 वोट मिले। जीत का मार्जिन- 15860 वोटों का रहा।
पानीपत शहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद विज जीते, कांग्रेस के वरिंदर शाह को हराया
कैथल विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सूरजेवाला जीते, गुहला से देवेंद्र हंस 21000 से जीते
Oct 08, 2024
1:33 PM (IST)
बीजेपी मुख्यालय जाएंगे पीएम मोदी
हरियाणा में रुझानों में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनने के आसार के बीच बीजेपी मुख्यालय में हलचल बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी बीजेपी मुख्यालय जाएंगे जहां से वे बीजेपी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित। पीएम मोदी के स्वागत की भव्य तैयारी की जा रही है।
Oct 08, 2024
1:29 PM (IST)
जम्मू-कश्मीर में 9 सीटों के नतीजे घोषित
जम्मू-कश्मीर विधानसभा की 9 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। 6 सीटें बीजेपी के खाते में गई हैं जबकि तीन सीटों पर जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जीत हासिल की है।
Oct 08, 2024
1:27 PM (IST)
गढ़ी सांपला किलोई से हुड्डा बड़ी जीत की ओर अग्रसर
गढ़ी सांपला किलोई से हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद सिंह हुडा 11वें राउंड में 56318 वोटों से आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
1:22 PM (IST)
J&K में आम आदमी पार्टी का खाता खुला
आम आदमी पार्टी जम्मू-कश्मीर में खाता खुल गया है। डोडा विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार मेहराज मालिक ने भाजपा उम्मीदवार गजय सिंह राणा को 4000 से ज्यादा वोटों से हराया।
Oct 08, 2024
1:21 PM (IST)
इसराना सीट से बीजेपी जीती
इसराना विधानसा सीट का रिजल्ट घोषित हो गया है। इस सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के बलबीर बाल्मीकि को हराया।
Oct 08, 2024
1:13 PM (IST)
JKNC कार्यकर्ताओं का श्रीनगर में जश्न
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को बढ़त मिलने पर श्रीनगर में JKNC कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार JKNC ने 2 सीटें जीती हैं और अब तक 41 पर आगे है, जबकि कांग्रेस 7 सीटों पर आगे चल रही है।
Oct 08, 2024
1:11 PM (IST)
हरियाणा का पहला रिजल्ट आया, नूंह से कांग्रेस के आफताब अहमद जीते
हरियाणा विधानसभा चुनाव का पहला रिजल्ट कांग्रेस के पक्ष में गया है। नूंह विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आफताब अहमद ने जीत हासिल की है।
Oct 08, 2024
12:35 PM (IST)
श्रीनगर कांग्रेस दफ्तर में जश्न
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रमुख तारिक हमीद कर्रा और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया। JKNC-कांग्रेस गठबंधन 90 में से 50 सीटों पर आगे चल रहा है; JKNC 42 और कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है।
Oct 08, 2024
12:20 PM (IST)
कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग से करेगी शिकायत-सूत्र
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नतीजों को दिखाने में देरी को लेकर पार्टी की ओर से चुनाव आयोग में लिखित शिकायत जल्द ही की जाएगी-सूत्र
Oct 08, 2024
12:18 PM (IST)
कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार कर ली-सुधांशु त्रिवेदी
भारतीय जनता पार्टी के नेता सुधांशु त्रिवेदी ने हरियाणा चुनाव के रुझानों पर कहा, “वैसे तो हमें अंतिम नतीजों का इंतजार करना चाहिए लेकिन जब जयराम रमेश ने यह कहना शुरू कर दिया है और चुनाव आयोग पर उंगली उठानी शुरू कर दी है तो हमें यह मान लेना चाहिए कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है। अब 12 बज चुके हैं, जिस तरह से रुझान स्थिर हो रहे हैं, मुझे लगता है कि हम निर्णायक जीत की ओर बढ़ रहे हैं और कांग्रेस अपनी भावी हार की तैयारी में जुट गई है।”
Oct 08, 2024
12:17 PM (IST)
जयराम रमेश ने स्लो काउंटिंग का लगाया आरोप
दिल्ली: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “हम ज्ञापन पेश करके शिकायत कर रहे हैं और हम उम्मीद करते हैं कि ECI हमारे सवालों का जवाब दे क्योंकि 11-12 राउंड के नतीजे आ चुके हैं लेकिन जो अपडेट किया गया है उसमें केवल 4 से 5 राउंड के नतीजों को दिखाया जा रहा है। ऐसा लोकसभा चुनाव में भी हुआ था… हम उम्मीद करते हैं की ECI जो एक संवैधानिक संस्था है, निष्पक्ष संस्था है वो प्रशासन पर दबाव न बनाए… हताश होने की कोई जरूरत नहीं है, निराश होने की जरूरत नहीं है। ये सब ‘माइंड गेम’ है… हमें जनादेश मिलने वाला है, कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।”
Oct 08, 2024
12:06 PM (IST)
जम्मू कश्मीर में पहला रिजल्ट आया, बीजेपी के दर्शन कुमार जीते
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का पहला नतीजा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गया है। बासोहली विधानसभा सीट से बीजेपी के दर्शन कुमार ने जीत दर्ज की।
Oct 08, 2024
11:53 AM (IST)
लाडवा सीट पर नायब सिंह सैनी 6 हजार वोटों से आगे
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा सीट से 6 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
11:49 AM (IST)
पानीपत की सभी चारों सीटों पर बीजेपी आगे
शहरी विधानसभा सीट
बीजेपी प्रमोद विज – 33475
कांग्रेस – वरिंदर शाह – 19419
ग्रामीण विधानसभा सीट
बीजेपी – महिपाल ढांडा – 35605
कांग्रेस – सचिन कुंडू – 19798
निर्दलीय – विजय जैन – 17305
समालखा विधानसभा सीट
बीजेपी – मनमोहन भड़ाना – 42991
कांग्रेस – धर्म सिंह छोक्कर – 34754
निर्दलीय – रविन्द्र मछरौली –
इसराना विधानसभा सीट
बीजेपी – कृष्णलाल पंवार – 26158
कांग्रेस – बलबीर बाल्मीकि – 18986
Oct 08, 2024
11:46 AM (IST)
गंदेरबल सीट पर उमर अब्दुल्ला आगे
गंदेरबल सीट से पूर्व सीएम और नेशनल कॉन्फ्रेंस उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला आगे चल रहे हैं। पांचवें राउंड तक उन्हें कुल 10764 वोट मिले हैं जबिक पीडीपीके बशीर मीर 6199 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
Oct 08, 2024
11:39 AM (IST)
हरियाणा में बीजेपी 50 सीटों पर आगे, कांग्रेस-34
हरियाणा: रुझानों में बीजेपी 90 में से 50 सीटों पर आगे चल रही है। बहुमत का आंकड़ा 46 सीटों का है जिसे बीजेपी पार कर चुकी है। वहीं कांग्रेस 34 सीटों पर आगे चल रही है।

Oct 08, 2024
11:26 AM (IST)
रेणुका चौधरी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत का किया दावा
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में कांग्रेस की जीत का दावा किया। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के रुझानों पर कहा, “यह तो होना ही था, जो बात राहुल गांधी ने कही, जो वादे हमने किए उसके बाद यह तो होना ही था… हम वहां जीत रहे हैं।” हरियाणा विधानसभा चुनाव के रुझानों पर कहा, “यह शुरूआती रुझान हैं, अभी 17 राउंड बाकी है, हम जीत रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है, हरियाणा में हमने मेहनत की है, हमें उम्मीद है कि हमारी सरकार बनेगी।”
Oct 08, 2024
11:21 AM (IST)
भूपेंद्र सिंह हुडा 22182 वोटों से आगे
गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह हुडा चौथे राउंड में 22182 वोटों से आगे
Oct 08, 2024
11:00 AM (IST)
अंबाला कैंट से बीजेपी के अनिल विज पीछे
अंबाला कैंट से बीजेपी उम्मीदवार अनिल विज 2/16 राउंड की मतगणना के बाद 1199 मतों से पीछे चल रहे हैं। सिरसा से कांग्रेस के गोकुल सेतिया आगे, हरियाणा लोकहित के गोपाल कांडा पीछे।
Oct 08, 2024
10:44 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में भी बीजेपी जीतेगी: अल्ताफ ठाकुर
श्रीनगर: बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर में बीजेपी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “हमें तीसरे या चौथे दौर तक इंतजार करना होगा, हमारा अनुमान है कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी… जिस तरह से हमने हरियाणा को बचाया है, उसी तरह से हम जम्मू-कश्मीर में भी जीतेंगे और हम जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाएंगे।”
Oct 08, 2024
10:40 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में इंडिया गठबंधन की सरकार: इरशाद रसूल कर
बारामूला के सोपोर सीट से नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार इरशाद रसूल कर ने इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि INDIA गठबंधन को बहुमत मिलेगा और हमारी जीत होगी। हमें बहुमत की पूरी उम्मीद है कि INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी।”
Oct 08, 2024
10:38 AM (IST)
फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस के मामन खान आगे
फिरोजपुर झिरका सीट से पांचवें राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार मामन खान आगे चल रहे हैं। बीजेपी के नसीम अहमद दूसरे नंबर पर। इनेलो के हबीब अहमद तीसरे नंबर पर।
Oct 08, 2024
10:35 AM (IST)
हरियाणा: 8 विधानसभा सीटों पर चल रहा है कड़ा मुकाबला
हरियाणा में 8 विधानसभा सीटों पर नंबर एक और नंबर दो पर चल रहे उम्मीदवारों के वोटों के बीच एक हजार के कम का अंतर है। मतगणना के अगले दौर में इन सीटों पर बड़ा उलटफेर हो सकता है।
Oct 08, 2024
10:31 AM (IST)
‘हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी’, भूपेंद्र हुड्डा ने किया दावा
रोहतक: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “जो रुझान आ रहे हैं उसके अनुसार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। अभी 2 राउंड हुए हैं… जो रिपोर्ट है उसके मुताबिक कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस को बहुमत मिलेगा…इसका श्रेय कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और सभी नेताओं को जाता है। असली श्रेय हरियाणा की जनता को जाता है…”
Oct 08, 2024
10:25 AM (IST)
जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार किया
सभी 90 विधानसभा सीटों पर रुझान सामने आए। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार जेकेएनसी-कांग्रेस गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। जेकेएनसी 39 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 8 सीटों पर, भाजपा 28 सीटों पर, पीडीपी 3 सीटों पर, जेपीसी 2 सीटों पर, सीपीआई(एम) और डीपीएपी 1-1 सीट पर आगे है। 8 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं
Oct 08, 2024
10:08 AM (IST)
जनता का फैसला ठीक आएगा: अनिल विज
अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने कहा, “मुझे लगता है कि जनता का फैसला ठीक आएगा। कांग्रेस नफरत की राजनीति करती है। वो मोहब्बत की दुकान से नफरत का सामान बेचते हैं…”
Oct 08, 2024
10:05 AM (IST)
हरियाणा : रुझानों में बीजेपी-कांग्रेस में कांटे की टक्कर
रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बीजेपी 43 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस 41 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं अन्य 6 सीटों पर आगे है।
Oct 08, 2024
9:59 AM (IST)
उमर अब्दुल्ला बडगाम और गंदेरबल से आगे
चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों में जेकेएनसी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला बडगाम और गंदेरबल दोनों सीटों से आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
9:53 AM (IST)
जुलाना से विनेश फोगाट पीछे
जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट पीछे चल रही हैं।
Oct 08, 2024
9:51 AM (IST)
हरियाणा : रुझानों में बीजेपी को मिला बहुमत, कांग्रेस पीछे
हरियाणा में रुझानों में बड़ा उलटफेर हुआ है। बीजेपी कांग्रेस को पीछे छोड़ती हुई रुझानों में बहुमत के आंकड़ों तक पहुंच गई है। वहीं कांग्रेस बहुमत के आंकड़ों से फिसल चुकी है। विधानसभा की कुल 90 सीटों में से बीजेपी 48 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस 38 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं अन्य 4 सीटों पर आगे हैं।
Oct 08, 2024
9:35 AM (IST)
सोनीपत से बीजेपी आगे, गोहाना से कांग्रेस आगे
सोनीपत से बीजेपी आगे
बरोदा से कांग्रेस आगे
गन्नौर से देवेंद्र कादयान निर्दलीय आगे
राई से बीजेपी आगे
खरखोदा से कांग्रेस आगे
गोहाना से कांग्रेस आगे
Oct 08, 2024
9:33 AM (IST)
नूंह विधानसभा सीट पर कांग्रेस आगे
नूंह विधानसभा सीट पर पहले राउंड में कांग्रेस के आपताब अहमद आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस 5029
बीजेपी 2687
इनेलो 2770
Oct 08, 2024
9:23 AM (IST)
किलोई सीट से भूपेंद्र सिंह हुडा आगे
रोहतक जिले की चार सीटो में से तीन पर कांग्रेस आगे और एक सीट पर बीजेपी आगे चल रही है। महम विधानसभा सीट से बलराम दांगी, किलोई से भूपेंद्र सिंह हुडा, कलानौर से कांग्रेस उम्मीदवार शकुंतला खटक आगे। रोहतक से बीजेपी उम्मीदवार मनीष ग्रोवर आगे
Oct 08, 2024
9:20 AM (IST)
श्रीनगर में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी
श्रीनगर जिले की 8 विधानसभा सीटों के लिए शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, श्रीनगर में वोटों की गिनती जारी है।
Oct 08, 2024
9:17 AM (IST)
जनता का पीएम मोदी और बीजेपी पर भरोसा है-चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “रुझान अभी आने शुरू हुए हैं। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से भाजपा ने दोनों जगहों पर मेहनत की है और जिस तरह से हरियाणा में भाजपा का 10 साल का कार्यकाल रहा है, मैं मानता हूं कि जनता का प्रधानमंत्री और भाजपा पर भरोसा है। मुझे उम्मीद है कि शाम तक जो नतीजे आएंगे, वो वैसे ही होंगे, जैसी हम उम्मीद कर रहे हैं।”
Oct 08, 2024
9:12 AM (IST)
पानीपत में बीजेपी के महिपाल ढांडा आगे
पानीपत में पहले राउंड में बीजेपी के महिपाल ढांडा आगे, कलानौर सीट (एससी आरक्षित) से कांग्रेस के शंकुतला खटक आगे, बीजेपी उम्मीदवार रेणु डाबला पीछे
Oct 08, 2024
9:01 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर की सभी 90 सीटों के रुझान आए
जम्मू-कश्मीर की सभी 90 सीटों के रुझान आए सामने, कांग्रेस+ 44, भाजपा 34 और अन्य 12 सीटों पर आगे चल रही है।
Oct 08, 2024
9:00 AM (IST)
हमें शानदार जीत की प्रतीक्षा: ओम प्रकाश धनखड़
हरियाणा: बादली विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा, “हमें शानदार परिणामों का इंतजार है, दोपहर के बाद तय हो जाएगा कि सरकार बन रही है। जितने शानदार तरीके से चुनाव लड़ा गया है उतनी ही शानदार जीत की प्रतीक्षा है… एग्जिट पोल कभी सत्य कभी असत्य होते हैं…”
Oct 08, 2024
8:59 AM (IST)
हमें कामयाबी की उम्मीद: उमर अब्दुल्ला
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और गांदरबल और बडगाम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने कहा, “आज दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा। पारदर्शिता होनी चाहिए। जनादेश के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। अगर जनादेश भाजपा के खिलाफ आता है तो भाजपा को कोई जुगाड़ या ऐसी कोई हरकत नहीं करनी चाहिए…. हमने गठबंधन इसलिए किया कि चुनाव में कामयाबी मिले और हमें कामयाबी की उम्मीद है…”
Oct 08, 2024
8:57 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में हम बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे-पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव पर कहा, “हमें पूरा भरोसा है कि आज दिन भर हमें लड्डू और जलेबी खाने को मिलेगी, प्रधानमंत्री मोदी को भी जलेबी भेजने वाले हैं… हमें पूरा भरोसा है कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में हम बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं।”
Oct 08, 2024
8:54 AM (IST)
दिल्ली कांग्रेस दफ्तर में जश्न
दिल्ली: कांग्रेस कार्यकर्ता जगदीश शर्मा और अन्य पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर मिठाई बांट रहे हैं। हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है।
Oct 08, 2024
8:52 AM (IST)
हरियाणा में सभी 90 सीटों के रुझान आए, कांग्रेस बड़ी जीत की ओर
हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों के रुझान आ गए हैं। कांग्रेस+ 71 सीटों पर आगे है। भाजपा+ 15 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं जबकि अन्य 4 सीटों पर आगे हैं।
Oct 08, 2024
8:46 AM (IST)
तोशाम विधानसभा सीट से श्रुति चौधरी आगे
हरियाणा के तोशाम विधानसभा सीट से भाजपा की श्रुति चौधरी आगे चल रही हैं। वहीं रोहतक सीट से कांग्रेस के भरत भूषण, करनाल से भाजपा के जगमोहन आनंद आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
8:41 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर: शुरुआती रुझानों में कांग्रेस और बीजेपी में कड़ी टक्कर
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस गठबंधन में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। अभी तक कुल 57 सीटों के रुझान आए हैं। कांग्रेस गठबंधन 28 सीटों पर आगे है जबकि बीजेपी 24 पर बढ़त बनाए हुए है वहीं अन्य दल 6 सीटों पर आगे हैं।
Oct 08, 2024
8:38 AM (IST)
हरियाणा: शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को बहुमत
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कुल 64 सीटों के रुझान मिल चुके हैं। कांग्रेस 51 सीटों पर आगे चल रही है जबकि बीजेपी 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं अन्य दल तीन सीटों पर आगे है।
Oct 08, 2024
8:35 AM (IST)
अंबाला कैंट सीट से बीजेपी के अनिल विज आगे
अंबाला कैंट से पूर्व मंत्री अनिल विज आगे चल रहे हैं। थानेसर से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक अरोड़ा आगे चल रहे हैं। पानीपत ग्रामीण से भाजपा के महिपाल ढांडा आगे चल रहे हैं वहीं सफींदो से कांग्रेस के उम्मीदवार सुभाष आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
8:33 AM (IST)
लाडवा से हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आगे
लाडवा से हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आगे चल रहे हैं। हिसार से निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल आगे, बहादुरगढ़ से निर्दलीय राजेश जून आगे चल रहे हैं। बादली सीट से भाजपा के ओपी धनखड़, बेरी से कांग्रेस के रघुवीर कादयान आगे चल रहे हैं। यमुनानगर से भाजपा के रमन त्यागी आगे चल रहे हैं। इंद्री से कांग्रेस के प्रत्याशी राकेश कंबोज आगे चल रहे हैं। पिहोवा से कांग्रेस के मनदीप सिंह औरपानीपत सिटी से भाजपा के प्रमोद विज आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
8:27 AM (IST)
लोगों के फैसले का सम्मान किया जाएगा: इंजीनियर रशीद
श्रीनगर: अवामी इत्तेहाद पार्टी के प्रमुख शेख अब्दुल रशीद उर्फ इंजीनियर रशीद ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणामों पर कहा, “मेरा विजन कश्मीर के लिए ये है कि मेरे सपनों का कश्मीर बनें जहां शांति हो, सब मिलकर रहें, लोगों की सुनीं जाए। हमने अपनी कैंपेन चलाई। इन्हें साढ़े पांच साल मिले हमें कैंपेन के लिए 10-12 दिन मिले। लोगों का फैसला स्वीकार होगा। लोगों के फैसले का सम्मान किया जाएगा…”
Oct 08, 2024
8:26 AM (IST)
झज्जर से कांग्रेस आगे
झज्जर से कांग्रेस की गीता भुक्कल आगे, इसराना से कांग्रेस के बलबीर सिंह वाल्मीकि आगे, कालका से कांग्रेस के प्रदीप चौधरी आगे चल रहे हैं
Oct 08, 2024
8:25 AM (IST)
जम्मू वेस्ट से भाजपा के अरविंद गुप्ता आगे
जम्मू कश्मीर के नगरोटा से भाजपा के देवेंद्र राणा और जम्मू वेस्ट से भाजपा के अरविंद गुप्ता आगे चल रहे हैं।
Oct 08, 2024
8:23 AM (IST)
हरियाणा में 34 सीटों पर कांग्रेस आगे
हरियाणा में 42 सीटों के रुझान आए। कांग्रेस-34, बीजेपी-5, अन्य-3
Oct 08, 2024
8:19 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन और बीजेपी में कड़ी टक्कर
जम्मू-कश्मीर में कुल 16 सीटों के रुझान आए हैं। बीजेपी 10 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 6 सीटों पर आगे है।
Oct 08, 2024
8:17 AM (IST)
जुलाना सीट से विनेश फोगाट आगे
जुलाना से कांग्रेस की प्रत्याशी विनेश फोगाट आगे चल रही हैं। कैथल से कांग्रेस के आदित्य सुरजेवाला आगे, उचाना से JJP के दुष्यंत चौटाला पीछे चल रहे हैं। राई से कांग्रेस के जय भगवान आगे। सोनीपत से कांग्रेस के सुरेंद्र पंवार आगे चल रही हैं।
Oct 08, 2024
8:15 AM (IST)
हरियाणा: रुझानों में कांग्रेस काफी आगे, बीजेपी पीछे
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बीजेपी से काफी आगे है। अभी तक कुल 31 सीटों के रुझान मिले हैं। कांग्रेस 27 सीटों पर आगे चल रही है जबकि बीजेपी 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
Oct 08, 2024
8:13 AM (IST)
सिरसा से गोपाल कांडा पीछे
असंध से कांग्रेस के शमशेर गोगी आगे, फतेहाबाद से कांग्रेस आगे। सिरसा से गोपाल कांडा पीछे।
Oct 08, 2024
8:10 AM (IST)
गुड़गांव सीट से बीजेपी आगे
गुड़गांव से बीजेपी आगे, पटौदी से कांग्रेस आगे, जगाधरी से बीजेपी आगे।
Oct 08, 2024
8:10 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे
जम्मू-कश्मीर में भी शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे चल रही है। कुल तीन सीटों के रुझान मिले हैं तीनों पर कांग्रेस आगे चल रही है।
Oct 08, 2024
8:07 AM (IST)
हरियाणा : शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को बढ़त
हरियाणा के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे चल रही है। कांग्रेस-6 सीटों पर और बीजेपी एक सीट पर आगे चल रही है। अटेली से बीजेपी आगे, पलवल से कांग्रेस आगे चल रही है। वहीं करनाल से बीजेपी आगे चल रही है।
Oct 08, 2024
8:04 AM (IST)
वोटों की गिनती शुरू, पहला रुझान आया
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। हरियाणा के समलखा सीट से कांग्रेस आगे चल रही है।
Oct 08, 2024
7:58 AM (IST)
तरनजीत सिंह टोनी ने कांग्रेस की जीत का किया दावा
कांग्रेस के जम्मू के गांधीनगर सीट से उम्मीदवार तरनजीत सिंह टोनी ने कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कहा हमारा गठबंधन दो तिहाई बहुमत से ज्यादा सीट जीतेगा। बीजेपी ने जम्मू को मंदिरों के शहर से मदिरालय का शहर बना दिया। बीजेपी डरी हुई है लिहाजा तभी नतीजों के पहले ही विधायको का नॉमिनेट करवा रही है
Oct 08, 2024
7:56 AM (IST)
रोहतक में मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
रोहतक: हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां जारी हैं। मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
Oct 08, 2024
7:55 AM (IST)
काउंटिंग से पहले उमर अब्दुल्ला ने कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं
उमर अब्दुल्ला ने किया ट्वीट-मैं अपने सभी साथियों और सहयोगियों को आज के दिन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। हमने अच्छी लड़ाई लड़ी और अब, इंशाअल्लाह, नतीजे भी उसी के अनुरूप होंगे।
Oct 08, 2024
7:49 AM (IST)
कांग्रेस 70 सीटें जीतेगी: आदित्य सुरजेवाला
कैथल विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला ने दावा किया है कि कांग्रेस 70 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा, “पिछले एक साल से जब मैं कैथल की गलियों और मोहल्लों में जा रहा था, तो हर किसी के मन में एक ही बात थी – बदलाव। लोग पिछले 10 सालों से इस भ्रष्ट, नफरत भरी सरकार से तंग आ चुके थे। एग्जिट पोल 60 सीटें दिखा रहे हैं, लेकिन मैं कह रहा हूं कि हम 70 सीटें जीतेंगे और कैथल सीट भी जीतेंगे।”
Oct 08, 2024
7:45 AM (IST)
मैं एग्जिट पोल पर नहीं बल्कि एक्जैक्ट पोल पर विश्वास करता हूं: अरविंद गुप्ता
जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार अरविंद गुप्ता ने कहा, “हम मतगणना से पहले माता रानी के दर्शन करने आए हैं। लोगों में अच्छा उत्साह है, नतीजे अच्छे आएंगे। मैं एग्जिट पोल पर नहीं बल्कि एक्जैक्ट पोल पर विश्वास करता हूं। जम्मू-कश्मीर में भाजपा की सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री बीजेपी की विचारधारा से ही होगा। बीजेपी जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी।”
Oct 08, 2024
7:42 AM (IST)
10 साल बाद चुनाव हुए, लोकतंत्र की जीत होगी : इफ्तिखार अहमद
जम्मू-कश्मीर के राजौरी से कांग्रेस उम्मीदवार इफ्तिखार अहमद ने कहा, “लोकतंत्र के इस उत्सव में लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया। 10 साल बाद चुनाव हुए, लोगों में बहुत उत्साह है और यह नतीजों का दिन है। सभी उम्मीदवारों को मेरी शुभकामनाएं। मुझे उम्मीद है कि लोगों के जनादेश का सम्मान किया जाएगा और लोकतंत्र की जीत होगी।”
Oct 08, 2024
7:41 AM (IST)
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने किया जीत का दावा
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के सीएम और लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नायब सिंह सैनी ने कहा, “बीजेपी ने पिछले दस सालों में हरियाणा के विकास के लिए बहुत काम किया है…बीजेपी ने समाज के सभी वर्गों के लिए ईमानदारी से काम किया है…हमारी सरकार हरियाणा के विकास के लिए काम करना जारी रखेगी और बीजेपी तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाएगी…बीजेपी ने ईमानदारी से काम किया जबकि कांग्रेस ने बहुत भ्रष्टाचार किया…”
Oct 08, 2024
7:27 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में बनेगी बीजेपी की सरकार, बीजेपी विधायक मोहन लाल भगत का दावा
जम्मू के अखनूर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार मोहन लाल भगत ने कहा, “भाजपा बहुमत से आएगी और भाजपा की सरकार बनेगी… जम्मू-कश्मीर में इस बार भाजपा की सरकार और भाजपा का ही मुख्यमंत्री होगा।”
Oct 08, 2024
7:21 AM (IST)
‘नतीजे बीजेपी के पक्ष में होंगे’, पूर्व डिप्टी सीएम कविंदर गुप्ता का दावा
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए आज होने वाली मतगणना से पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कविंदर गुप्ता ने कहा, “बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, पत्थरबाजी से मुक्ति दिलाई है। उन्हें अलगाववाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार और वंशवाद से मुक्ति दिलाई है। इसलिए जिस तरह से हम बुलेट से बैलेट की ओर, आतंकवाद से पर्यटन की ओर बढ़े हैं, लोगों ने भाजपा को वोट दिया है और यह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और हम पार्टी बनाएंगे।” एग्जिट पोल के बारे में उन्होंने कहा, “एग्जिट पोल के आंकड़ों और हमारे आंकड़ों में अंतर है। हम लोगों के बीच रहे हैं… हम लोगों की राय जानते हैं…परिणाम भाजपा के पक्ष में होंगे…”
Oct 08, 2024
6:54 AM (IST)
पंचकूला से बीजेपी उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता ने किया जीत का दावा
हरियाणा के पंचकूला से बीजेपी उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा, “पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी…मैं अपनी सीट अच्छे वोटों के अंतर से जीतूंगा।”
Oct 08, 2024
6:52 AM (IST)
कुरुक्षेत्र में सैनी समाज धर्मशाला पहुंचे सीएम नायब सिंह
हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में सैनी समाज धर्मशाला पहुंचे।
Oct 08, 2024
6:47 AM (IST)
मतगणना से पहले रविंद्र रैना ने किया हवन
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष और नौशेरा विधानसभा से उम्मीदवार रविंद्र रैना जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले हवन किया।
Oct 08, 2024
6:44 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में मतगणना केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। इस बीच श्रीनगर में मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
Oct 08, 2024
6:39 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में 873 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए कुल 873 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे। इन सभी उम्मीदवारों की हार और जीत का नतीजा आज सामने आ जाएगा। कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेस, बीजेपी, पीडीपी ने अपनी अपनी जीत का दावा किया है।
Oct 08, 2024
6:33 AM (IST)
हरियाणा में 1.031 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
हरियाणा की 90 सीट पर 464 निर्दलीय और 101 महिलाओं सहित कुल 1,031 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। इन सीटों पर पांच अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था। आज इनकी जीत और हार का फैसला हो जाएगा।
Oct 08, 2024
6:30 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर में बहुकोणीय मुकाबला होने के आसार
जम्मू-कश्मीर में ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधी टक्कर के बजाय बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की 90 सीटों के लिए तीन चरण में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को वोटिंग हुई थी।
Oct 08, 2024
6:30 AM (IST)
हरियाणा के 22 जिलों में 93 मतगणना केंद्र
हरियाणा में 22 जिलों के 90 विधानसभा क्षेत्रों में 93 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। बादशाहपुर, गुरुग्राम और पटौदी विधानसभा सीटों के लिए दो-दो मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जबकि बाकी के 87 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक-एक मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है। मतगणना प्रक्रिया की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा 90 मतगणना पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं।
Oct 08, 2024
6:29 AM (IST)
हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
लोकसभा चुनावों के बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच पहला बड़ा सीधा मुकाबला है। इस चुनाव के परिणाम का इस्तेमाल विजेता द्वारा अन्य राज्यों में अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए किया जाएगा, जहां अगले कुछ महीनों में चुनाव होने हैं। इस चुनाव में मुख्य पार्टियां भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा)-आजाद समाज पार्टी (आसपा) हैं। ज्यादातर सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।
Oct 08, 2024
6:17 AM (IST)
सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती का काम सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगा। मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।







