.
Google search engine

वे बहुत शानदार आईएएस अफसर हैं। मैं कलेक्टर ऋषव गुप्ता की बात कर रहा हूं। मेरी पत्रकारिता के 25 वर्ष के कार्यकाल में मेरे कई आईएएस अफसरों से ताल्लुकात रहे, सब में कुछ न कुछ खूबी देखी, किंतु श्री गुप्ता की बात कुछ अलग है। सबसे महत्वपूर्ण है उनका आकर्षक व्यक्तित्व, वे अत्यधिक काम के बावजूद ऊर्जा से सराबोर दिखाई देते हैं। बहुत बार मैंने ऐसा देखा कि वे सामने वाले की बात पूरी होने के पहले ही उसके मानस को पढ़ लेते हैं और उस पर तत्काल अपनी स्पष्ट प्रतिक्रिया देते हैं। हां तो हां न तो न, कोई लाग लपेट नहीं। वे समाज के हितार्थ सकारात्मक कार्य कर रहे संगठन और व्यक्तियों को संबल देते हैं उनकी ऊर्जा और हौंसला बढ़ाते हैं। ताकि वे और अधिक उत्साह से काम कर सकें, देवास में श्री गुप्ता के कार्यकाल में जो भी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हासिल हो सकीं उसके पीछे बहुत सारी विशेषताओं के अलावा श्री गुप्ता के व्यक्तित्व के ये गुण भी बहुत हद तक सहयोगी रहे हैं। वे व्यक्ति और व्यक्तित्व की परख रखते हैं। हमेशा मुस्कुराते हुए सहज रहते हुए भी बहुत सजग और मजबूत कार्य करने के प्रति संकल्पित और ऐसा ही वे अपने अधीनस्थों से अपेक्षा रखते हैं। मुझे याद आता है जब उन्होंने देवास ज्वाइन ही किया था और दफ्तर में देर शाम तक उपस्थित रहते हुए फाइलें बैठकें निपटाते हुए काम करने का रुटीन देखकर कुछ अधीनस्थों में छटपटाहट दिखाई देती थी, हालांकि धीरे धीरे सभी अधीनस्थ अपने अफसर की कार्यशैली से परिचित होते गए, जिसके जिलेभर में बड़े स्तर पर सकारात्मक बदलाव सामने आए। श्री गुप्ता के कार्यकाल में कुछ उपलब्धियां ऐसी हैं, जिन्हें देवास हमेशा याद रखेगा। हर आने वाले कलेक्टर से और अधिक श्रेष्ठतम की उम्मीद भी। एक उपलब्धि तो मेरी भी रही जब श्री गुप्ता INFORM HUMAN की लाइव डिबेट में आए और होटल सृष्टि में एक घंटे से अधिक समय तक लाइव संवाद किया, हाल खचाखच भरा हुआ था, लोग बहुत गंभीरता से कलेक्टर साहब को सुन रहे थे और उनके जाने के बाद तक लोग श्री गुप्ता के आकर्षक व्यक्तित्व और उनके ज्ञान के कायल होकर उन्हीं के बारे में बात करते रहे। यकीनन अब खंडवा का सौभाग्य चमकेगा और देवास नये कलेक्टर ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में नये आयाम स्थापित करेगा।

.
Google search engine